अंतागढ़आमाबेड़ाकांकेरकोयलीबेड़ाराजनीतिरायपुर

अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को लेकर हुई अहम बैठक, बनी आगामी रणनीति

अंतागढ़। अंतागढ़ को पृथक जिला बनाने की मांग को लेकर चल रहे जनआंदोलन को और अधिक संगठित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को आंदोलन से जुड़े युवा वर्ग, जिला निर्माण आंदोलन हेतु गठित कोर कमेटी के सदस्य, सरपंच संघ के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित विभिन्न सामाजिक प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को लेकर जनसमर्थन को और व्यापक बनाया जाएगा। इसके लिए नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा तथा सभी वर्गों को आंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि अंतागढ़ लंबे समय से जिला बनने की सभी आवश्यक पात्रताओं को पूरा करता है, इसलिए क्षेत्रवासियों की यह मांग पूरी तरह न्यायसंगत है। बैठक में आंदोलन की आगामी कार्ययोजना पर भी मुहर लगाई गई। निर्णय लिया गया कि 11 अगस्त 2026 को अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग संबंधी ज्ञापन एसडीएम कार्यालय के माध्यम से शासन को सौंपा जाएगा। इसके बाद 20 अगस्त 2026 को आंदोलन को और व्यापक स्वरूप देने तथा विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं जनप्रतिनिधियों को शामिल करते हुए जिला निर्माण समिति का गठन किया जाएगा। वहीं 4 सितंबर 2026 को अंतागढ़ नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों की विशेष बैठक आयोजित कर जिला निर्माण अभियान को नई दिशा देने और आगे की रणनीति तय की जाएगी।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि यह आंदोलन किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता के अधिकार और विकास से जुड़ा अभियान है। इसलिए सभी नागरिकों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं ग्राम पंचायतों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की गई। बैठक के अंत में उपस्थित सदस्यों ने संकल्प लिया कि “एकता हमारी ताकत, जिला हमारा अधिकार” के मूल मंत्र के साथ शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा, जब तक अंतागढ़ को जिला घोषित नहीं किया जाता। क्षेत्र के विकास, प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार और आम जनता की वर्षों पुरानी मांग को पूरा कराने के लिए चरणबद्ध आंदोलन जारी रखने का भी निर्णय लिया गया।