अंतागढ़कांकेरकोयलीबेड़ा

काला झंडा दिखाने की घटना पर सांसद भोजराज नाग का पलटवार, कांग्रेस को बताया विकास व राष्ट्र विरोधी

मोदी जी की मन की बात कार्यक्रम के समापन पश्चात व्यक्त की प्रतिक्रिया

अंतागढ़ । शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग और अंतागढ़ विधायक विक्रम देव उसेंडी को कुछ लोगों द्वारा काला झंडा दिखाए जाने की घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आज मोदी जी की मन की बात की 135 वीं कड़ी की टीवी पर सीधा प्रसारण कार्यक्रम के समापन पश्चात उक्त घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सांसद भोजराज नाग ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए इसे पार्टी की हताशा का परिणाम बताया है। वहीं, उन्होंने बस्तर को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की है।

सांसद भोजराज नाग ने अपने बयान में कहा कि शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुखों, सरपंचों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भारी उत्साह के साथ भागीदारी की। उन्होंने कहा कि सुदूर अंचलों में भी शिक्षा और विकास के प्रति लोगों का नजरिया तेजी से बदल रहा है, जो क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत है।

मोदी जी के मन की बात का सीधा प्रसारण को सुनते सांसद भोजराज व कार्यकर्ता

काला झंडा दिखाने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद नाग ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग विकास विरोधी, समाज विरोधी और देश विरोधी मानसिकता के हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी ऐसे लोग नक्सलियों के साथ मिलकर स्कूलों और पंचायत भवनों पर काला झंडा फहराने का कार्य करते रहे हैं। सांसद ने आरोप लगाया कि आज जब बस्तर क्षेत्र नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है, तब कांग्रेस के लोग बौखलाहट में इस प्रकार की हरकतें कर रहे हैं।सांसद भोजराज नाग ने बस्तर और छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार बस्तर को नक्सलमुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के मजबूत एवं निर्णायक कदमों से आने वाले समय में बस्तर पूरी तरह हिंसा मुक्त होकर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

गौरतलब है कि जनप्रतिनिधियों के कोयलीबेड़ा आगमन के दौरान काला झंडा दिखाए जाने की घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा ने इस घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास विरोधी कृत्य बताया है।