अवैध रूप से ले जाते 40 पेटी अवैध शराब जब्त, अंतागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अंतागढ़। पुलिस को मिली मुखबिर की सूचना पर अंतागढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से अवैध रूप से परिवहन की जा रही 40 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अंतागढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश निर्मित शराब को अवैध रूप से छत्तीसगढ़ के रास्ते ओडिशा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की जांच की। जांच के दौरान एक सफेद रंग की कार से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर कार में रखी 40 पेटी “गोवा स्पेशल ब्लेंडेड व्हिस्की” बरामद की गई। जब्त शराब की बोतलों पर “फॉर सेल इन मध्यप्रदेश ओनली” अंकित पाया गया, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि शराब को मध्यप्रदेश से अवैध रूप से लाकर अन्य राज्य में खपाने की तैयारी थी।मौके से पुलिस ने महेश सेन (31 वर्ष) निवासी सुपेला, पिता सुरेश सेन को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी शराब परिवहन के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने शराब, वाहन एवं अन्य सामग्री को जब्त कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जब्त शराब की कुल मात्रा एवं बाजार मूल्य का आकलन किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी तथा इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

अंतागढ़ पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी, नशे के कारोबार एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

