अंतागढ़कांकेरराजधानीरायपुर

हिंदूबिनापाल के पास दर्दनाक सड़क हादसा, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर; विधायक उसेंडी ने दिखाई तत्परता

अंतागढ़। क्षेत्र के हिंदू बीना पाल के समीप एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक सड़क किनारे स्थित एक सूखे पेड़ से टकरा गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक बाइक से जा रहे थे, तभी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ से जा टकराए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतक युवक बदरंगी निवासी बताया जा रहा है इसी दौरान कोयलीबेड़ा दौरे से वापस लौट रहे क्षेत्रीय विधायक विक्रम उसेंडी की नजर दुर्घटना पर पड़ी। विधायक ने तत्काल अपना काफिला रुकवाकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया और बिना देर किए घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।

घटना को गंभीरता से लेते हुए विधायक विक्रम उसेंडी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर सड़क किनारे खड़े सूखे एवं जर्जर पेड़ों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सूखे पेड़ दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन्हें जल्द हटाया जाना चाहिए।

स्थानीय लोगों ने भी सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ों को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से नियमित निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा मृतक और घायल युवक की पहचान एवं दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और मार्गों के किनारे मौजूद खतरनाक पेड़ों को हटाने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। वहीं विधायक विक्रम उसेंडी द्वारा मौके पर दिखाई गई संवेदनशीलता और त्वरित सहायता की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है।