अंतागढ़कांकेररायपुर

विधवा महिला ने लगाया जबरन धर्म वापसी और घर में तोड़फोड़ का आरोप, प्रशासन से लगाई सुरक्षा की गुहार

महिला के धर्म परिवर्तन से गांव की सामाजिक व्यवस्था प्रभावित जिसके कारण गांव में विवाद की स्थिति : ग्रामीण

अंतागढ़। कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम केसालपारा में एक विधवा महिला ने कुछ ग्रामीणों पर घर में तोड़फोड़ करने तथा उस पर जबरन धर्म वापसी का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है, वहीं पीड़ित महिला ने प्रशासन से अपने और अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, केसालपारा निवासी एक विधवा महिला अपने चार बच्चों के साथ रहती है। महिला का कहना है कि उसने अपनी इच्छा और आस्था के आधार पर ईसाई धर्म को अपनाया है तथा उस पर किसी प्रकार का दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन नहीं कराया गया है। महिला का आरोप है कि हाल के दिनों में कुछ लोगों द्वारा उस पर अपने मूल धर्म में वापस लौटने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि वह अपनी धार्मिक आस्था को बदलना नहीं चाहती। महिला ने आरोप लगाया कि इसी विवाद के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण उसके घर पहुंचे और उसके घर की बाउंड्रीवाल में तोड़फोड़ की। घटना के बाद से वह और उसके बच्चे भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।

वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि महिला के धर्म परिवर्तन से गांव की सामाजिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसी को लेकर गांव में विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई है।

घटना के बाद पीड़ित महिला ने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। महिला का कहना है कि उसे और उसके बच्चों को सम्मान और सुरक्षा के साथ जीवन जीने का संवैधानिक अधिकार है, जिसकी रक्षा की जानी चाहिए। फिलहाल, गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। मौके पर पुलिस व प्रशासन मौजूद है ऐसे में प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है ताकि कानून-व्यवस्था कायम रहे,