अंतागढ़कांकेरराजधानीराजनीतिरायपुर

अंतागढ़ :ओबीसी समाज की ब्लॉक स्तरीय बैठक संपन्न, 19 अगस्त के महाआंदोलन की तैयारी तेज

अंतागढ़। सामाजिक एकजुटता को सशक्त बनाने और अपने संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई को धार देने के लिए अंतागढ़ में मंगलवार को सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की एक महत्वपूर्ण ब्लॉक स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य 19 अगस्त को आयोजित होने वाले वृहद विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार करना और इसे सफल बनाने के लिए रणनीति बनाना था।

बैठक में उपस्थित समाज के प्रमुख पदाधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों ने एक स्वर में कहा कि अधिकार पाने के लिए प्रत्येक गांव में समाज को संगठित और मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। वक्ताओं ने जोर देते हुए कहा कि इसके लिए सभी को एकजुट होकर ‘युद्ध स्तर’ पर काम करना होगा। जब तक जमीनी स्तर पर गांव-गांव तक सामाजिक चेतना नहीं पहुंचेगी, तब तक हक की आवाज को मजबूती से नहीं उठाया जा सकता।

19 अगस्त के प्रदर्शन की मुख्य मांगे

बैठक के दौरान 19 अगस्त को होने जा रहे आंदोलन को ऐतिहासिक बनाने पर विशेष चर्चा हुई। इस प्रदर्शन के जरिए समाज निम्नलिखित मुख्य मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखेगा। ओबीसी समाज के लिए शिक्षा और नौकरियों में 28% आरक्षण की पुनर्बहाली एवं क्रियान्वयन। आगामी राष्ट्रीय जातिगत जनगणना में सर्व पिछड़ा वर्ग के लिए एक अलग से कॉलम शामिल किया जाए। क्षेत्र के सामाजिक और प्रशासनिक अधिकारों को ध्यान में रखते हुए समाज को पांचवीं अनुसूची के प्रावधानों के अंतर्गत शामिल किया जाए।

बैठक में वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति

इस ब्लॉक स्तरीय बैठक में समाज के अनेक प्रबुद्ध नागरिक, वरिष्ठजन और युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक के दौरान निम्नलिखित प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। देवलाल विश्कर्मा, राकेश गुप्ता, जोहरू राम यादव, नरेश यादव, कृष्ण कुमार यादव ,बलि राम विश्कर्मा, सुखचंद विश्कर्मा, यशवंत चक्रधारी, हरेश चक्रधारी, मनीष योगी, मधेश्वर जैज़, लक्ष्मी नाथ, प्रेमलाल, जीवन पटेल, चरण सिंह उइके, रुद्रप्रताप यादव, बिरसू राम, निरूप प्रधान, राकेश जैन एवं सुखदेव विश्कर्मा। बैठक के समापन पर उपस्थित सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर 19 अगस्त के प्रदर्शन का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे और जन-जन को इस आंदोलन से जोड़ेंगे।