मानवता की मिसाल: पुलिस की तत्परता से सकुशल परिजनों तक पहुंचीं दो भटकी मासूम बच्चियां
अंतागढ़, 3 अगस्त। पुलिस की सतर्कता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के चलते भटक गई दो मासूम बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस मानवीय पहल से जहां परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं पुलिस की कार्यशैली की सराहना भी की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को दो छोटी बच्चियां चिंवारी-आमाबेड़ा क्षेत्र से भटककर अंतागढ़ पहुंच गई थीं। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने बिना देर किए बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उन्हें अपने संरक्षण में लिया और उनके परिजनों की तलाश शुरू की। पुलिस ने पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए बच्चियों की पहचान तथा उनके परिजनों द्वारा किए गए दावों का विधिवत सत्यापन किया। आवश्यक दस्तावेजों और पहचान की पुष्टि होने के बाद बच्चियों को सुरक्षित उनके माता-पिता एवं परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।अपनी मासूम बच्चियों को सकुशल वापस पाकर परिजनों की आंखें खुशी से नम हो गईं। उन्होंने पुलिस प्रशासन की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर हमेशा सतर्क रहें। यदि कोई बच्चा भटका हुआ मिले या किसी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

