शासकीय लाल कालिन्द सिंह महाविद्यालय, अंतागढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
अंतागढ़, 06 अगस्त 2026। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के निर्माण के उद्देश्य से शासकीय लाल कालिन्द सिंह महाविद्यालय, अंतागढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य श्री रमेश कुमार दर्रो ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की सुरक्षा का आधार नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का भी आह्वान किया। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) कार्यक्रम अधिकारी श्री सचिन कुमार ने स्वयंसेवकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर IQAC प्रभारी डॉ. सुजीत यादव ने कहा कि महाविद्यालय में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास से संबंधित गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाता है। वृक्षारोपण जैसी पहल न केवल परिसर को हरित बनाती है, बल्कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करती है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) प्रभारी श्री मीनेष कुमार मरकाम ने विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि सतत विकास के लक्ष्य तभी प्राप्त किए जा सकते हैं, जब प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे।
कार्यक्रम में हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष श्री भुषण कुमार देवांगन सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया।अंत में महाविद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने का संकल्प लिया।

