अंतागढ़आमाबेड़ाकांकेरकोयलीबेड़ाराजधानीरायपुर

9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस : अंतागढ़ में जिला स्तरीय भव्य आयोजन की तैयारियां युद्धस्तर पर

नयापारा स्थित उन्मुक्त खेल मैदान में होगा आयोजन, एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना

अंतागढ़। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आगामी 9 अगस्त को अंतागढ़ नगर में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। नगर के नयापारा स्थित उन्मुक्त खेल मैदान में होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। आयोजन में जिलेभर से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम में लगभग 1 लाख से अधिक आदिवासी समाज के साथ SC समाज, OBC समाज के लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम को लेकर आदिवासी समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने के लिए समिति के पदाधिकारी एवं समाज प्रमुख लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। मैदान में मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, आगंतुकों के लिए आवश्यक सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

विशिष्ट वक्ता रखेंगे अपने विचार

विश्व आदिवासी दिवस के इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में देश-दुनिया में आदिवासी समाज से जुड़े विषयों, संस्कृति, परंपरा, अधिकारों एवं वर्तमान चुनौतियों पर वक्ताओं द्वारा विचार रखे जाएंगे। कार्यक्रम को डॉ. लक्ष्मण यादव, पूर्व प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय,अश्वनी कांगे सामाजिक सलाहकार संबोधित करेंगे। इनके संबोधन को लेकर भी लोगों में विशेष उत्सुकता है।

पुलिस-प्रशासन ने संभाली व्यवस्था की कमान

कार्यक्रम में हजारों लोगों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजन समिति एवं नगरवासियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने आयोजन समिति तथा नगरवासियों से कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपेक्षा की है। वहीं आयोजन के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

व्यापारी संघ भी आयोजन में करेगा सहयोग

नगर में होने वाले इस बड़े आयोजन को लेकर अंतागढ़ व्यापारी संघ ने भी सहयोग का हाथ बढ़ाया है। व्यापारी संघ द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आर्थिक सहयोग करने की बात कही गई है। व्यापारियों ने कहा कि इतने बड़े सामाजिक आयोजन के सफल संचालन में नगर के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है और व्यापारी समाज भी अपनी ओर से हरसंभव सहयोग करेगा आयोजन समिति एवं समाज प्रमुखों ने नगरवासियों से भी अपील की है कि विश्व आदिवासी दिवस के इस जिला स्तरीय आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। समिति का उद्देश्य आयोजन के माध्यम से आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, इतिहास और सामाजिक एकजुटता को व्यापक स्तर पर सामने लाना है।

तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी आयोजन समिति

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति एवं समाज प्रमुखों की लगातार बैठकें चल रही हैं। समाज प्रमुख संतराम सलाम, विश्राम गावड़े एवं बद्री गावड़े, हीरालाल माझी,ने बताया कि 9 अगस्त के आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन एवं नागरिक शामिल होंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन, पुलिस, व्यापारी संघ, सामाजिक संगठनों एवं नगरवासियों का सहयोग मिल रहा है। सभी के सामूहिक प्रयास से विश्व आदिवासी दिवस का यह जिला स्तरीय कार्यक्रम अंतागढ़ में भव्य एवं यादगार बनाने की तैयारी है।