अंतागढ़कांकेररायपुर

विश्व आदिवासी दिवस आयोजन को लेकर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

अंतागढ़ नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरा पुलिस बल, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

अंतागढ़। 9 अगस्त को मनाए जाने वाले विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर अंतागढ़ नगर में प्रस्तावित भव्य जिला स्तरीय आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस विभाग द्वारा नगर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया।फ्लैग मार्च में पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। पुलिस बल ने नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आम नागरिकों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। इस दौरान पुलिस जवानों की मौजूदगी से नगर में सुरक्षा का वातावरण देखने को मिला।

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर अंतागढ़ में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोगों को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा सहित कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने यह संदेश भी दिया कि बड़े आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। पुलिस अधिकारियों ने जवानों को सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पुलिस प्रशासन द्वारा नगर में लगातार पेट्रोलिंग एवं निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि विश्व आदिवासी दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।