अंतागढ़कांकेरराजधानीरायपुर

आईटीआई अंतागढ़ में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला, पुलिस ने छात्रों को बताए बचाव के तरीके

अंतागढ़। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) अंतागढ़ परिसर में 21 अगस्त को साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्रों एवं संस्थान के कर्मचारियों को साइबर अपराधों से बचने तथा ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यशाला में पुलिस विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। फिशिंग, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, मैलवेयर अटैक तथा यूपीआई से जुड़ी धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए।

पीएसआई नकलू पैकरा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में थोड़ी सी असावधानी आर्थिक और मानसिक नुकसान का कारण बन सकती है। उन्होंने छात्रों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी विवरण किसी के साथ साझा नहीं करने की सख्त सलाह दी। साथ ही अनजान व्यक्ति के साथ फोन या चैट पर ओटीपी व पासवर्ड साझा नहीं करने, अनजान नंबर अथवा ई-मेल से प्राप्त संदिग्ध लिंक और फाइलों पर क्लिक करने से बचने की बात कही।उन्होंने सोशल मीडिया एवं महत्वपूर्ण मोबाइल एप्लीकेशन में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) चालू रखने की सलाह दी। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल इसकी सूचना देने और राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में पीएसआई नकलू पैकरा, हेड कांस्टेबल अजय नरेटी, आरक्षक हरिशंकर मंडावी एवं आरक्षक टिकेश्वर डोंगरे उपस्थित रहे। कार्यशाला के अंत में आईटीआई अंतागढ़ के प्राचार्य अनिल कुमार टेम्भेकर, स्टाफ एवं छात्रों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया। कार्यक्रम में संस्थान के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।