पीएम श्री स्कूल अंतागढ़ में विश्व मच्छर दिवस पर जागरूकता अभियान, छात्राओं को HPV टीकाकरण की दी जानकारी
अंतागढ़। पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल अंतागढ़ में 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस एवं HPV टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम के तहत जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मलेरिया के लक्षण, कारण एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मलेरिया के प्रमुख लक्षणों, इसके कारणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचने के लिए आसपास स्वच्छता बनाए रखने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने तथा मच्छरदानी का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

बालिकाओं को HPV टीकाकरण के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में 14 वर्ष की बालिकाओं को HPV टीकाकरण के संबंध में जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने HPV संक्रमण से बचाव में टीकाकरण की भूमिका समझाते हुए पात्र बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित किया तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीके रामटेके, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक नोमेत गावड़े, प्रभारी बीईटीओ केके सिन्हा, मलेरिया निरीक्षक बीएम राय, मलेरिया टेक्निशियन सुपरवाइजर योगेश नागराज, आरएचओ अनिल कुमार तारम, स्कूल के प्राचार्य गौतम सिन्हा सहित समस्त शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मलेरिया से बचाव एवं HPV टीकाकरण के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा।

