कांकेरराजधानीरायपुर

अंतागढ़ में सरपंच संघ का आंदोलन निर्णायक मोड़ पर, छठवें दिन मुख्य मार्ग पर किया चक्काजाम

56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों का प्रदर्शन तेज, स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सड़क पर उतरे जनप्रतिनिधि

अंतागढ़। अंतागढ़ विकासखंड के 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों द्वारा विभिन्न स्थानीय एवं क्षेत्रीय समस्याओं के निराकरण को लेकर पिछले पांच दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। आंदोलन के छठवें दिन शनिवार को सरपंच संघ अंतागढ़ ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत नगर के मुख्य मार्ग पर महा चक्काजाम कर आंदोलन को और तेज कर दिया।

सरपंच संघ द्वारा नगर के रेलवे स्टेशन जाने वाले प्रमुख चौक पर चक्काजाम किया गया है , जिसके चलते मार्ग पर आवागमन पूर्ण रूप से प्रभावित है । तेज गर्मी के बावजूद भी आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में सरपंचों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति देखने को मिल रही है । प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अपनी लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग उठाई है ।सरपंच संघ का कहना है कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के अभाव और विकास कार्यों की उपेक्षा के कारण ग्रामीणों को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर पिछले पांच दिनों से गोल्डन चौक पर धरना-प्रदर्शन जारी था, जिसके बाद अब आंदोलन की अगली कड़ी के रूप में चक्काजाम किया जा रहा है ।

संघ की प्रमुख मांगों में क्षेत्र में 3.4 मीटर आरसीसी पुलिया निर्माण, 300 मीटर सीसी सड़क निर्माण, जर्जर स्कूल भवनों की त्वरित मरम्मत, तथा अन्य स्थानीय और क्षेत्रीय समस्याओं का स्थायी समाधान शामिल है। सरपंचों का आरोप है कि कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों को अवगत कराने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

आंदोलनकारी सरपंचों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल जनप्रतिनिधियों की नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों के अधिकारों की है। इधर, चक्काजाम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस बल मौके पर मौजूद है। स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है। आंदोलन के आगे और उग्र होने की संभावना को देखते हुए क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल भी तेज हो गई है।