कांकेरराजधानीरायपुर

अंतागढ़ के समग्र विकास को लेकर हुई बैठक, विभिन्न मुद्दों पर बनी सहमति

वन विश्राम गृह में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक हुए शामिल, अगली रणनीति के लिए रविवार को फिर होगी बैठक

अंतागढ़। नगर एवं क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर वन विश्राम गृह अंतागढ़ में नगरवासियों की पहल पर एक महत्वपूर्ण जन-चर्चा एवं बैठक आयोजित की गई। बैठक में अंतागढ़ क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की गई तथा क्षेत्र के भविष्य को लेकर सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया गया। बैठक में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि, पत्रकार बंधु एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास की बात कही। बैठक में अंतागढ़ को जिला बनाने की पहल, नहाकसा बांध निर्माण, बेहतर एवं नियमित विद्युत आपूर्ति, नगर एवं क्षेत्रीय विकास, आधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल की स्थापना, शिक्षा, सड़क, रोजगार एवं अन्य जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी रविवार को पुनः वन विश्राम गृह अंतागढ़ में एक और बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में नए सिरे से समिति का गठन कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों को संगठित रूप से आगे बढ़ाया जा सके। बैठक में उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास हेतु सुझाव, अनुभव और जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए एकजुट होकर आगे बढ़ने का संकल्प व्यक्त किया।