12 वर्ष बाद मंजू पोट्टा की मूल धर्म में वापसी
सांसद भोजराज नाग ग्राम के गायता-पुजारी एवं सगा समाज के सदस्यों की उपस्थिति में हुई वापसी की प्रक्रिया
अंतागढ़ : नगर के मद्रासीपारा निवासी मंजू पोट्टा, पति बिमल कुमार पोट्टा ने लगभग 12 वर्ष बाद पुनः अपने मूल आदिवासी धर्म में वापसी की। नगर के प्रमुख धार्मिक स्थल मां आमाबुंदिन शीतला माता मंदिर में सांसद भोजराज नाग, ग्राम के गायता-पुजारी एवं सगा समाज के सदस्यों की उपस्थिति में पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। बता दें कि मंजू पोट्टा ने करीब 12 वर्ष पूर्व ईसाई धर्म अपना लिया था। इसके बाद आज मां आमाबुंदिन शीतला माता मंदिर में ग्राम की इष्टदेवी के समक्ष माथा टेककर पूजा-अर्चना की। इस दौरान तिलक-चंदन, वंदन एवं शुद्धिकरण की धार्मिक रस्में निभाई गईं।

गायता-पुजारी और सगा समाज के सदस्यों की मौजूदगी में उन्होंने पुनः अपने मूल आदिवासी धर्म में वापसी की। इस अवसर पर सांसद भोजराज नाग एवं ग्राम गायता विजय ध्रुव ने क्षेत्र के उन परिवारों से भी अपने मूल आदिवासी धर्म में वापस आने की अपील की, जिन्होंने धर्म परिवर्तन कर ईसाई धर्म अपनाया है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को अपनी परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक मान्यताओं से जुड़े रहना चाहिए। कार्यक्रम मां आमाबुंदिन शीतला माता मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान गायता-पुजारी, सगा समाज एवं नगर के प्रमुखजन उपस्थित रहे।

