रावघाट यात्री ट्रेन के नियमित संचालन के पहले ही दिन दुखद हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से 37 वर्षीय युवक की मौत
अंतागढ़। रावघाट से रायपुर के बीच यात्री ट्रेन के नियमित संचालन के पहले ही दिन गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। अंतागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोंडबिनापाल निवासी 37 वर्षीय रुपसिंह आंचला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रुपसिंह आंचला, पिता जुगरू राम, निवासी ग्राम गोंडबिनापाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की संभावित वजह सुबह के समय अत्यधिक धुंध (कोहरा) होना बताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

नियमित संचालन के पहले दिन हुआ हादसा
गौरतलब है कि रावघाट से रायपुर के लिए बहुप्रतीक्षित यात्री ट्रेन का शुभारंभ दो दिन पूर्व किया गया था। इसके बाद गुरुवार से ट्रेन का नियमित संचालन प्रारंभ हुआ। नियमित परिचालन के पहले ही दिन हुए इस हादसे से क्षेत्र में दुखद स्थिति निर्मित हो गई। सुबह के समय घना कोहरा रहने के कारण दृश्यता प्रभावित होने की बात सामने आ रही है।
पुलिस ने शव बरामद कर शुरू की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही अंतागढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेजा गया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आने की संभावना है, रावघाट रेल लाइन के माध्यम से क्षेत्र में यात्री रेल सेवा शुरू होने से लोगों को आवागमन की नई सुविधा मिली है। ऐसे में नियमित संचालन के पहले ही दिन हुई इस दुखद घटना ने सभी को झकझोर दिया है।

