27% आरक्षण व जातिगत जनगणना की मांग, सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने सौंपा ज्ञापन
अंतागढ़। छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ब्लॉक इकाई अंतागढ़ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सांसद भोजराज नाग एवं अंतागढ़ विधायक के नाम ज्ञापन सांसद प्रतिनिधि और विधायक प्रतिनिधि को सौंपा।

ज्ञापन में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने, राष्ट्रीय जनगणना में जातिगत गणना के लिए पृथक कॉलम निर्धारित करने तथा पांचवीं अनुसूची के तहत मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही बस्तर संभाग के पिछड़ा वर्ग समाज को पेसा कानून में शामिल कर स्वशासन का अधिकार देने की मांग उठाई गई।समाज के प्रमुख पदाधिकारियों में माधेश्वर जैन जिलाध्यक्ष और राकेश गुप्ता ने मांगों पर उचित पहल कर शीघ्र निराकरण कराने का आग्रह किया। वहीं अगर समय से मांग पूरा नहीं होता है तो आने वाले समय में पूरे राज्य भर में उग्र आंदोलन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ प्रधान , जिला उपाध्यक्ष बिरजू राम उइके, सचिव नागराज सहित जिला एवं संभागीय पदाधिकारी तथा समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

