अंतागढ़कांकेरराजनीतिरायपुर

जिला बनाने की मांग को ऑटो संघ का मिला समर्थन, धरना स्थल से निकाली रैली

अंतागढ़। अंतागढ़ को जिला बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग को अब विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों का लगातार समर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को अंतागढ़ ऑटो संघ के नेतृत्व में क्षेत्र के समस्त ऑटो मालिक जिला बनाने की मांग को लेकर धरना स्थल पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

ऑटो मालिकों ने धरना स्थल पर पहुंचकर जिला निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में सहभागिता निभाई। इस दौरान ऑटो संघ के सदस्यों ने कहा कि अंतागढ़ क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से काफी विस्तृत है और ग्रामीण अंचलों के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में अंतागढ़ को जिला का दर्जा मिलने से क्षेत्रवासियों को प्रशासनिक सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध हो सकेंगी।

इसके बाद ऑटो संघ के सदस्यों एवं अन्य आंदोलनकारियों ने धरना स्थल से रैली निकाली। रैली में शामिल लोगों ने अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची।रैली के दौरान आंदोलनकारियों ने अंतागढ़ को जिला बनाने, क्षेत्र के विकास को गति देने और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। एसडीएम कार्यालय पहुंचने के बाद ऑटो संघ एवं आंदोलनकारियों ने अपर कलेक्टर को जिला निर्माण की मांग से संबंधित ज्ञापन सौंपा।ऑटो संघ के इस समर्थन से जिला निर्माण को लेकर चल रहे आंदोलन को और मजबूती मिली है। आंदोलनकारियों ने कहा कि अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग वर्षों पुरानी है और जब तक मांग पूरी नहीं होती, तब तक चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।