अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग ने पकड़ा जोर, अनिश्चितकालीन धरना शुरू
आज मासबरस ग्राम पंचायत ने धरना स्थल पहुंचकर दिया समर्थन
अंतागढ़। अंतागढ़ को पृथक जिला बनाने की मांग को लेकर क्षेत्र में चल रहा आंदोलन अब अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन में बदल गया है। आंदोलन के पहले दिन वीर नारायण सिंह चौक स्थित धरना स्थल पर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। इसी क्रम में मासबरस ग्राम पंचायत की महिलाओं ने धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।

आंदोलनकारियों के अनुसार अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अंतागढ़ की भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक आवश्यकता एवं क्षेत्र के विकास को देखते हुए इसे पृथक जिला बनाया जाना चाहिए।बताया गया कि आंदोलन की तैयारियों के तहत स्थानीय युवाओं द्वारा पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों और साप्ताहिक बाजारों में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें ग्रामीणों से समर्थन जुटाया गया।
धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से क्षेत्रवासियों की मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए अंतागढ़ को पृथक जिला घोषित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

