अंतागढ़कांकेररायपुर

आंगन मिलन सेवा में गूंजा पोषण और स्वास्थ्य का संदेश

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं व मितानिनों को प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित

अंतागढ़। व्यापक सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को देहारी पारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, माताओं एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ समुदाय की सहभागिता को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान ‘मेरी पौष्टिक थाली’, न्योता भोज, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, अन्नप्राशन एवं गोदभराई सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। महिलाओं एवं बच्चों को संतुलित आहार तथा पोषण के महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर नि:शुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें डॉ. पटेल व स्टाफ अंजना द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार किया तथा नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गंगोत्री शांडिल्य, शिवकुमारी नाग, समीना रामटेके, ललिता गावड़े, सहायिका सुनीता शांडिल्य, मितानिन वंदना नेताम, शिवरात्रि पटेल, साह सुनीता एवं फुलेश्वरी को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य रूप से महिला मोर्चा मंडल अंतागढ़ अध्यक्ष चंद्रकला कौशल, जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा सरिता कुलदीप, मंडल महामंत्री बिमला बघेल, मंडल उपाध्यक्ष साधना निषाद, पार्षद सीमा ठाकुर एवं राहुल गुप्ता, एल्डरमैन कुमारी साहू, मंडल महामंत्री कल्पना जैन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर अनिता उके उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शासन की योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं, बच्चों एवं बड़ी संख्या में मोहल्लेवासियों ने सहभागिता की।