अंतागढ़कांकेरकृषिरायपुर

ड्रिप उपकरणों को लेकर AAP ने जांच की मांग की

कलगांव नर्सरी में सामग्री रखे होने को लेकर उठाए सवाल

अंतागढ़। कलगांव स्थित नर्सरी में ड्रिप सिंचाई उपकरण रखे होने को लेकर आम आदमी पार्टी ने जानकारी स्पष्ट करने और जांच की मांग की है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं बस्तर लोकसभा अध्यक्ष नरेन्द्र नाग ने कहा कि नर्सरी में मार्च-अप्रैल 2026 से बड़ी मात्रा में ड्रिप सामग्री रखे होने की जानकारी मिली है। पार्टी के अनुसार इसे किसी अन्य ब्लॉक से संबंधित बताया जा रहा है। नाग ने मांग की कि विभाग स्पष्ट करे कि यह सामग्री किस योजना के तहत, किस क्षेत्र और किन किसानों के लिए स्वीकृत की गई है तथा इसकी आपूर्ति किस माध्यम से हुई। उन्होंने यह भी कहा कि हाल में रात के समय कुछ सामग्री हटाए जाने की जानकारी सामने आई है, इसलिए पूरे मामले का रिकॉर्ड के आधार पर सत्यापन किया जाना चाहिए।

AAP ने सामग्री का भौतिक सत्यापन कराने के साथ स्टॉक रजिस्टर, सप्लाई ऑर्डर, बिल, चालान और वितरण संबंधी दस्तावेजों की जांच की मांग की है। साथ ही संबंधित किसानों को सामग्री मिलने की स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है। यदि इसमें DMF या किसी अन्य शासकीय मद की राशि शामिल हो तो उसकी भी जांच की मांग की गई है।

विभाग की ओर से इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। ऐसे में सामग्री की वास्तविक स्थिति, उसके आवंटन और स्थानांतरण संबंधी जानकारी विभागीय दस्तावेजों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।