14 सितंबर को देवनी डोकरी मंदिर में मनाया जाएगा नया खाई पर्व (बाल पर्व)
अंतागढ़। अंतागढ़ परगना की आराध्य देवी गणपतिन देवनी डोकरी मंदिर में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी नया खाई (बाल पर्व) का आयोजन 14 सितंबर, सोमवार को श्रद्धा एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया जाएगा। नया खाई (बाल पर्व) में अंतागढ़ परगना के 47 गांवों से मांझी, दीवान, गायता, पुजारी, पटेल, देवसेवाकारी, बाबा कोसर्राय, बाबा चुंगादेव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

इस दौरान परगना की पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं और रीति-रिवाजों के अनुसार आराध्य देवी की पूजा-अर्चना की जाएगी।आयोजन को लेकर देव समिति अंतागढ़ परगना द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। समिति ने अंतागढ़ परगना के सभी गांवों के पदाधिकारियों, देवसेवाकारियों एवं श्रद्धालुओं से नया खाई (बाल पर्व) में शामिल होकर परंपरा और आस्था के इस पर्व में सहभागी बनने की अपील की है। देव समिति अंतागढ़ परगना ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र की वर्षों पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

