सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता : सेजस अंतागढ़ ने नरहरपुर को 6-0 से हराकर संभाग स्तर के लिए किया क्वालिफाई
अंतागढ़, 1 जुलाई। जिला मुख्यालय कांकेर में आयोजित जिला स्तरीय शालेय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में सेजस (स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय) अंतागढ़ की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए नरहरपुर की टीम को एकतरफा मुकाबले में 6-0 के बड़े अंतर से पराजित कर संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया। मैच की शुरुआत से ही अंतागढ़ की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और गेंद पर अपना नियंत्रण बनाए रखा। खिलाड़ियों के बेहतर तालमेल, तेज आक्रमण और मजबूत रक्षा पंक्ति के सामने नरहरपुर की टीम पूरे मुकाबले में संघर्ष करती नजर आई। अंतागढ़ के खिलाड़ियों ने लगातार गोल दागते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम को वापसी का कोई अवसर नहीं दिया और 6-0 की शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ सेजस अंतागढ़ की टीम ने प्रतियोगिता के अगले चरण अर्थात संभाग स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है। संभाग स्तरीय मुकाबलों का आयोजन जिला नारायणपुर में किया जाएगा, जहां अंतागढ़ की टीम जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

टीम की इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। वहीं नगर के खेल प्रेमियों एवं नागरिकों ने भी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि टीम संभाग स्तर पर भी इसी तरह का शानदार प्रदर्शन कर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन करेगी।

