अंतागढ़ : अव्यवस्थित पार्किंग से वार्डवासी परेशान, कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई व्यवस्था
अंतागढ़। नगर के 12 नंबर वार्ड स्थित एसबीआई बैंक के समीप स्थित बगल वाली गली में अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या लगातार बनी हुई है। वार्डवासियों का आरोप है कि बैंक आने वाले कई ग्राहक अपनी दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को सीसी सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार पुलिस प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से व्यवस्था सुधारने की मांग की जा चुकी है, लेकिन आज तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। सड़क पर वाहनों के खड़े रहने से गली संकरी हो जाती है, जिससे पैदल चलने वाले लोगों सहित स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सड़क पर अनियंत्रित तरीके से वाहन खड़े करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।

