अंतागढ़ :नगर में आवारा पशुओं का आतंक, साप्ताहिक बाजार में दिनभर परेशान रहे व्यापारी और ग्राहक
स्थानीय लोगों ने पशु मालिकों व नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
अंतागढ़। नगर में आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। मंगलवार के साप्ताहिक बाजार में आज आवारा पशुओं का जमावड़ा देखने को मिला, जिससे व्यापारी, ग्राहक और राहगीर दिनभर परेशान होते रहे। बाजार में लगभग 10 से 12 आवारा पशु खुलेआम घूमते रहे, जिससे कई बार अव्यवस्था की स्थिति निर्मित हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार परिसर और मुख्य मार्गों पर आवारा पशुओं के घूमने से न केवल लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। व्यापारियों के अनुसार, बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को पशुओं के कारण काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई बार पशुओं के अचानक भीड़ के बीच आ जाने से अफरा-तफरी की स्थिति भी निर्मित हुई।

नगरवासियों का आरोप है कि पशु मालिक अपने मवेशियों को खुला छोड़ देते हैं, जिससे ये पशु सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर घूमते रहते हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस समस्या के निराकरण के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत और मांग के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही, पशु मालिकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए नगर क्षेत्र में उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को इस समस्या से राहत मिल सके। अब देखना यह होगा कि नगरवासियों की लगातार उठ रही इस समस्या पर नगर पंचायत और संबंधित विभाग कब तक ठोस कार्रवाई करते हैं।

