अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को लेकर स्वतंत्र नागरिक समूह (जिला बनाओ संघर्ष समिति) ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
वर्तमान में चल रहे धरना प्रदर्शन से समूह का कोई संबंध नहीं
अंतागढ़। अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को लेकर क्षेत्र के नागरिकों द्वारा चलाए जा रहे अभियान को लेकर सोमवार को स्वतंत्र नागरिक समूह (जिला बनाओ संघर्ष समिति ) ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंतागढ़ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अभियान की स्वतंत्रता और वर्तमान में चल रहे धरना प्रदर्शन से समूह का कोई संबंध नहीं होने की बात स्पष्ट की गई है। स्वतंत्र नागरिक समूह (मंच) ने अपने ज्ञापन में कहा कि अंतागढ़ क्षेत्र के नागरिकों द्वारा अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को लेकर स्वतंत्र रूप से अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान किसी अन्य संगठन, राजनीतिक दल अथवा राजनीतिक गतिविधि से जुड़े समूह का हिस्सा नहीं है और न ही ऐसे किसी संगठन से समूह का कोई संबंध या संबद्धता है।

ज्ञापन में कहा गया कि अभियान का उद्देश्य केवल अंतागढ़ को जिला बनाने की जनभावना को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से शासन-प्रशासन के समक्ष रखना है। अभियान के तहत विधायक एवं सांसद के माध्यम से शासन से संवाद स्थापित करने का प्रयास जारी है। समूह ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार से स्पष्ट बात नहीं हो जाती तब तक वह किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन के आयोजन के पक्ष में नहीं है। मंच ने यह भी स्पष्ट किया कि अभियान का किसी व्यक्ति, संस्था, व्यापारिक हित अथवा राजनीतिक स्वार्थ से कोई संबंध नहीं है। वर्तमान में अंतागढ़ में चल रहे धरना प्रदर्शन को लेकर भी समूह ने किसी प्रकार का समर्थन नहीं होने की बात कही। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से आग्रह किया गया कि प्रस्तुत ज्ञापन एवं आवेदन को स्वतंत्र नागरिकों तथा स्वतंत्र समूह द्वारा अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग के रूप में स्वीकार किया जाए।

