70 करोड़ की निवेश ठगी का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज में निवेश के नाम पर करीब 500 लोगों से धोखाधड़ी का आरोप
अंतागढ़। महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने और रकम दोगुनी होने का लालच देकर करीब 500 लोगों से लगभग 70 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले का अंतागढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी के संचालकों द्वारा लोगों को कंपनी में राशि निवेश करने पर 5 प्रतिशत ब्याज/कमीशन देने तथा करीब डेढ़ वर्ष में निवेश की रकम दोगुनी करने का प्रलोभन दिया गया था। आरोपियों ने कांकेर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों को झांसा देकर कंपनी में बड़ी रकम निवेश कराई।बताया गया कि आरोपियों ने सरकारी कर्मचारियों सहित अन्य लोगों को विभिन्न बैंकों से ऋण लेने के लिए भी प्रेरित किया और ऋण की पूरी राशि कंपनी में निवेश कराई। शुरुआत में निवेशकों को कुछ किश्तों का भुगतान किया गया, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा। इसके बाद भुगतान बंद कर दिया गया और निवेशकों की जमा राशि लेकर आरोपी फरार हो गए । मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी संतोष सिंह के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल कांकेर एवं थाना अंतागढ़ पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दयाशंकर साहू को ग्राम ढेलका, साजा, जिला बेमेतरा से तथा नितिन निर्मलकर को रायपुर से पकड़ा। पूछताछ एवं विवेचना के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस मामले में थाना अंतागढ़ में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 420, 120(बी), 112 एवं 34 भादवि के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी का नाम दयाशंकर साहू (45) पिता लक्ष्मण साहू, निवासी बन्दरचुआ, थाना ढोकड़ा, जिला जशपुर, वर्तमान पता भिलाई सेक्टर-9 हुड़को, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग। नितिन निर्मलकर (26) पिता राजेन्द्र निर्मलकर, निवासी गधियापारा सिरसाकला, पोस्ट सिरसाकला, थाना भिलाई, जिला दुर्ग, वर्तमान पता मटपारा बजरंग चौक, रायपुर, थाना पुरानी बस्ती, जिला रायपुर। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोमल भूषण पटेल, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक नकुलचंद पैकरा, सहायक उपनिरीक्षक दाऊलाल भट्ट, प्रधान आरक्षक बीरबल रावटे, आरक्षक रंजीत ठाकुर, लखन लाल हिड़को एवं डीएसएफ आरक्षक शंभू उसेंडी सहित थाना अंतागढ़ पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
कांकेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कम समय में रकम दोगुनी करने, असामान्य ब्याज अथवा अत्यधिक मुनाफे का लालच देने वाली निवेश योजनाओं के झांसे में न आएं। किसी कंपनी या व्यक्ति के पास राशि निवेश करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और वैधानिकता की जांच जरूर करें। आर्थिक धोखाधड़ी अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। इसके लिए कांकेर पुलिस की हेल्पलाइन 94791-55125 पर सूचना दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

