स्मार्ट मीटर व रावघाट परियोजना की समस्याओं को लेकर कांग्रेस निकालेगी पदयात्रा
अंतागढ़। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंतागढ़ द्वारा स्मार्ट मीटर एवं रावघाट परियोजना से जुड़ी समस्याओं को लेकर 2 सितंबर 2026, बुधवार को पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। ब्लॉक कांग्रेस ने क्षेत्रवासियों से पदयात्रा में शामिल होकर विभिन्न मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करने की अपील की है। कांग्रेस का आरोप है कि रावघाट परियोजना में अंतागढ़ एवं कोयलीबेड़ा क्षेत्र के लोगों के साथ छल किया जा रहा है।

किसानों की जमीनों का करोड़ों रुपये के दाम पर मुआवजा देने के बाद भी भूमि अधिग्रहण के बदले नौकरी देने का वादा पूरा नहीं किया गया है। पार्टी ने स्थानीय बेरोजगारों को रावघाट परियोजना के अनुरूप प्रशिक्षण देकर स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।पदयात्रा के माध्यम से अंतागढ़ ब्लॉक एवं कोयलीबेड़ा क्षेत्र को माइंस प्रभावित क्षेत्र में शामिल करने, क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अस्पताल खोलने तथा कोयलीबेड़ा में अस्पताल एवं DAV स्कूल शुरू करने की मांग की जाएगी। वहीं अंतागढ़ में वर्तमान में BSP द्वारा संचालित DAV स्कूल की तर्ज पर ताड़ोकी एवं कोयलीबेड़ा में भी DAV स्कूल संचालित करने की मांग रखी गई है। इसके अलावा अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग को व्यवस्थित एवं सुगम बनाने तथा स्मार्ट मीटर के कारण बढ़ रहे बिजली बिलों की समस्या का निराकरण करते हुए स्मार्ट मीटर वापस लेने की मांग भी कांग्रेस द्वारा उठाई जाएगी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बताया कि पदयात्रा 2 सितंबर को मद्रासीपारा मंडी प्रांगण से शुरू होकर SDM कार्यालय एवं बिजली ऑफिस तक पहुंचेगी। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। कांग्रेस ने क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में पदयात्रा में शामिल होने की अपील की है।
