एग्रीस्टेक एवं गिरदावली को लेकर जनपद पंचायत में हुई बैठक
अंतागढ़: जनपद पंचायत अंतागढ़ के सभागार में एग्रीस्टेक एवं गिरदावली के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों को एग्रीस्टेक से जोड़ने तथा उन्हें बैंक से बीज-खाद लेने और धान विक्रय के दौरान होने वाली प्रक्रियाओं में सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक जानकारी दी गई। बैठक में अपर कलेक्टर अंजोर सिंह पैकरा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राहुल रजक,तहसीलदार वीरेंद्र नेताम, अतिरिक्त तहसीलदार अर्पण कुर्रे एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्वेता साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एग्रीस्टेक के अंतर्गत किसानों के आधार नंबर एवं मोबाइल नंबर को लिंक किए जाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

बताया गया कि किसानों के आवश्यक विवरण लिंक होने से उन्हें कृषि संबंधी सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। साथ ही जिन खातों में एक से अधिक खातेदारों के नाम दर्ज हैं, वहां सभी संबंधित खातेदारों के आवश्यक विवरण को भी लिंक कराने की बात कही गई। बैठक में गिरदावली से संबंधित कार्यों को लेकर भी आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को किसानों से समन्वय बनाकर प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान कृषि विभाग, पटवारी एवं हल्का कर्मचारी, उद्यानिकी विभाग, पंचायत सचिव, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारी तथा लैम्पस प्रबंधक उपस्थित रहे। बैठक में एग्रीस्टेक एवं गिरदावली से जुड़े कार्यों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से पूरा करने पर जोर दिया गया।

