अंतागढ़आमाबेड़ाकांकेरकोयलीबेड़ारायपुर

डेढ़ घंटे की भारी बारिश से क्षेत्र हुआ जलमग्न, ग्राम तुमापाल में घरों में घुसा बाढ़ का पानी

अंतागढ़। शनिवार को करीब डेढ़ घंटे हुई तेज बारिश ने अंतागढ़ क्षेत्र की तस्वीर बदल दी। लगातार मूसलाधार बारिश के चलते नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक चारों ओर पानी ही पानी नजर आया। तेज बारिश के कारण नगर की मुख्य सड़क पर घुटने तक पानी भर गया, जिससे आवागमन प्रभावित रहा और राहगीरों व वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश का सबसे अधिक असर निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास के गांवों में देखने को मिला। ग्राम ताड़ोकी के आश्रित ग्राम तुमापाल में बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति निर्मित होने की खबर मिली है । वहां देखते ही देखते बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान, खाद्य सामग्री सहित अन्य वस्तुओं के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों को बारिश थमने के बाद भी जलस्तर कम होने का इंतजार करना पड़ा।

नगर में मुख्य सड़क पर घुटने तक पानी भरने से राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। कई स्थानों पर सड़क और नालियां एक समान नजर आने लगीं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक सड़कों और निचले इलाकों में जमा रहा।ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की जानकारी सामने आई है। अचानक आई बाढ़ से ग्रामीणों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा। हालांकि राहत की बात यह रही कि फिलहाल किसी भी तरह की जनहानि की खबर सामने नहीं आई है।

तेज बारिश के बाद क्षेत्र में हुए जलभराव ने एक बार फिर नगर की जल निकासी व्यवस्था और निचले इलाकों की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार की बारिश ने बार बार कई स्थानों पर जलभराव की समस्या सामने आ रही है। समय रहते नालियों की सफाई और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी देर की तेज बारिश में ही सड़कें जलमग्न हो जा रही हैं।