अंतागढ़-नारायणपुर बदहाल सड़क पर सांसद ने ली आपत बैठक
ठेकेदार और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को जल्द निर्माण के निर्देश, ठेकेदार ने मांगा 15 दिन का समय; सड़क बनने तक माइंस की ट्रको को बंद रखने की मांग

अंतागढ़। अंतागढ़-नारायणपुर निर्माणाधीन सड़क की बदहाली और भारी वाहनों के लगातार आवागमन से पैदा हुई समस्या को लेकर शनिवार को फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में सांसद भोजराज नाग ने सड़क ठेकेदार एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक की। बैठक में अंतागढ़ एसडीएम राहुल रजक, एडिशनल एसपी आशीष बंछोर सहित पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी और सड़क निर्माण एजेंसी से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में अंतागढ़ – नारायणपुर मार्ग की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्य में हो रही देरी, सड़क पर माइंस से चलने वाले भारी वाहनों के आवागमन तथा यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद भोजराज नाग ने सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

सड़क बनने तक माइंस की गाड़ियों का परिवहन रोकने की मांग
सांसद भोजराज नाग ने कहा कि सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और इसका सीधा असर आम लोगों, ग्रामीणों, स्कूली बच्चों तथा यात्री बसों के संचालन पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक माइंस से माल परिवहन करने वाले भारी वाहनों के आवागमन को रोकना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस दिशा में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा सांसद ने स्पष्ट रूप से कहा कि सड़क का निर्माण जल्द से जल्द पूरा किया जाए और निर्माण होने तक माइंस की भारी गाड़ियों का परिवहन बंद रखा जाए, ताकि सड़क की स्थिति और अधिक खराब न हो तथा आम लोगों को राहत मिल सके।
ठेकेदार की मनमानी का आरोप
बैठक के दौरान सड़क निर्माण कार्य को लेकर ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ मिलिंद ने ठेकेदार पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग की ओर से ठेकेदार के साथ समन्वय बनाकर कार्य कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य में अपेक्षित गति नहीं आ पा रही है। एसडीओ ने कहा कि विभाग सड़क निर्माण को लेकर ठेकेदार के साथ लगातार समन्वय स्थापित करने का प्रयास कर रहा है, ताकि कार्य को गति दी जा सके और क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिल सके।
ठेकेदार ने मांगा 15 दिन का समय
बैठक में सड़क निर्माण ठेकेदार ने सड़क निर्माण कार्य को गति देने के लिए 15 दिन का समय मांगा। ठेकेदार की ओर से कहा गया कि यदि अगले 15 दिनों तक माइंस से माल परिवहन करने वाले भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया जाता है, तो सड़क निर्माण कार्य को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।ठेकेदार द्वारा समय मांगे जाने के बाद बैठक में सड़क निर्माण की प्रगति और भारी वाहनों के संचालन को लेकर आगे की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
परिवहन संघों और रावघाट समिति की होगी आपात बैठक
मामले को लेकर अंतागढ़ एसडीएम राहुल रजक ने भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति और परिवहन व्यवस्था को लेकर जल्द ही तीनों परिवहन संघों तथा रावघाट समिति की आपातकालीन बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सड़क निर्माण, भारी वाहनों के संचालन तथा आम जनता को हो रही परेशानी को लेकर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
यात्री बसों के संचालन पर भी पड़ा असर
गौरतलब है कि अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग की बदहाली के कारण इस मार्ग पर यात्री बसों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के कारण छोटे वाहनों के साथ-साथ यात्री बसों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं माइंस से जुड़े भारी ट्रकों और हाईवा के लगातार आवागमन से सड़क की स्थिति और बिगड़ने का आरोप ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा लगाया जा रहा है। बैठक के बाद अब क्षेत्रवासियों की नजर प्रशासन और सड़क निर्माण एजेंसी की आगामी कार्रवाई पर टिकी है। यदि तय समय में निर्माण कार्य शुरू होता है और भारी वाहनों के आवागमन को लेकर प्रभावी व्यवस्था बनाई जाती है, तो लंबे समय से बदहाल सड़क से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

