रावघाट माइंस के भारी वाहनों से जर्जर सड़क को लेकर आप का कल चक्काजाम
अंतागढ़। शिव पोटाई जिला महासचिव, आम आदमी पार्टी एवं
सुनहेर हिड़को ब्लॉक अध्यक्ष ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सड़क बंद का आह्वान किया है। रावघाट माइंस के भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण अंतागढ़–नारायणपुर मार्ग सहित क्षेत्र की सड़कें अत्यंत खराब एवं जर्जर हो चुकी हैं। सड़क की बदहाली के कारण आम नागरिकों, सवारी वाहनों, स्कूली वाहनों एवं आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस के संचालन में भारी परेशानी हो रही है।

क्षेत्रवासियों की लगातार बढ़ती समस्याओं और जनहित को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने 25 अगस्त को सुबह 8:00 बजे चक्काजाम आंदोलन करने का निर्णय लिया है। आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांग है कि जब तक सड़क का पूर्ण निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक इस मार्ग पर रावघाट माइंस एवं अन्य भारी वाहनों के संचालन पर तत्काल रोक लगाई जाए। पार्टी का कहना है कि विकास के नाम पर क्षेत्र की जनता को परेशानी में नहीं डाला जा सकता। सड़क आम जनता, स्कूली बच्चों, मरीजों और यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए है।

यदि भारी वाहनों के कारण सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि एम्बुलेंस और स्कूली वाहन तक प्रभावित हो रहे हैं, तो प्रशासन एवं संबंधित विभाग को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों से अपील है कि 25 अगस्त को सुबह 8:00 बजे बड़ी संख्या में अपने साथियों के साथ पहुंचकर इस जनहित के चक्काजाम आंदोलन को सफल बनाएं।

