अंतागढ़आमाबेड़ाकांकेरकोयलीबेड़ारायपुर

अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को लेकर 11 अगस्त को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन

जिला निर्माण एवं विकास समिति निकालेगी रैली, प्रशासन को सौंपा जाएगा ज्ञापन

अंतागढ़। अंतागढ़ को जिला बनाने की वर्षों पुरानी मांग को लेकर क्षेत्रवासियों का आंदोलन एक बार फिर तेज होने जा रहा है। अंतागढ़ जिला निर्माण एवं विकास समिति के नेतृत्व में आगामी 11 अगस्त 2026, मंगलवार को नगर में धरना-प्रदर्शन एवं रैली का आयोजन किया जाएगा।

समिति की ओर से अतिरिक्त कलेक्टर, अंतागढ़ को सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को लेकर क्षेत्रवासी पिछले कई वर्षों से लगातार आवेदन-निवेदन, धरना-प्रदर्शन एवं विभिन्न आंदोलनों के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते आ रहे हैं। बावजूद इसके अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। अतः इसी मांग को शासन-प्रशासन के संज्ञान में पुनः लाने के उद्देश्य से 11 अगस्त को सुबह 11 बजे शहीद वीर नारायण सिंह चौक, अंतागढ़ में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद रैली निकालकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होकर अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को मजबूती प्रदान करने की अपील की है। कार्यक्रम की सूचना अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अंतागढ़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ एवं थाना प्रभारी अंतागढ़ को भी दी गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।