विश्व आदिवासी दिवस पर अंतागढ़ में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट
एसडीओपी शुभम तिवारी ने संभाला मोर्चा, हजारों की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस जवानों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
अंतागढ़। 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर अंतागढ़ में आयोजित जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। नगर के नयापारा स्थित उन्मुक्त खेल मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा नगर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। प्रमुख चौक-चौराहों, कार्यक्रम स्थल के आसपास तथा प्रमुख मार्गों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसडीओपी ने पुलिस जवानों को दिए दिशा-निर्देश

कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसडीओपी शुभम तिवारी ने संभालते हुए पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जवानों को शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए।पुलिस अधिकारियों ने जवानों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो और आम नागरिकों, दुकानदारों, अतिथियों एवं कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराया जाए। भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना उच्च अधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए।

प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थल पर विशेष निगरानी
विश्व आदिवासी दिवस के जिला स्तरीय आयोजन को देखते हुए नगर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। कार्यक्रम स्थल के आसपास वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के साथ ही यातायात को व्यवस्थित रखने की योजना बनाई गई है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग एवं पैदल आवागमन को लेकर भी पुलिस बल को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना है। अधिकारियों द्वारा लगातार स्थिति का जायजा लिया जा रहा है तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
भव्य आयोजन को लेकर नगर में उत्साह
गौरतलब है कि विश्व आदिवासी दिवस का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम अंतागढ़ के नयापारा स्थित उन्मुक्त खेल मैदान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग एवं आम नागरिक शामिल होंगे। आयोजन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है।प्रशासन और पुलिस की तैयारियों के चलते कार्यक्रम स्थल सहित पूरे नगर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद दिखाई दे रही है। अधिकारियों ने सभी से कार्यक्रम के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की है।

