अंतागढ़आमाबेड़ाकांकेरकोयलीबेड़ाराजधानीरायपुर

अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग ने पकड़ी रफ्तार, हाट-बाजारों से शुरू हुआ जनसमर्थन अभियान

जिला बनाने की मुहिम में युवाओं में दिख रहा गजब का जोश

अंतागढ़: अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग को लेकर क्षेत्र में जनसमर्थन जुटाने की मुहिम तेज हो गई है। इस दिशा में युवाओं ने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत करते हुए ताड़ोकी, मंगता साल्हेभाट और पोड़गांव के साप्ताहिक हाट-बाजारों में लोगों से समर्थन जुटाया। अभियान को ग्रामीणों, व्यापारियों, किसानों, महिलाओं और युवाओं का उत्साहजनक सहयोग मिला।

अभियान के तहत लगाए गए स्टॉल पर सैकड़ों लोगों ने अंतागढ़ को जिला बनाए जाने के समर्थन में हस्ताक्षर किए और इस मांग के प्रति अपनी सहमति जताई। अभियान से जुड़े युवाओं का जोश पूरे शबाब में है उनका कहना है कि इसका उद्देश्य क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को जन-जन तक पहुंचाना और शासन-प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करना है।युवाओं के अनुसार, भौगोलिक दृष्टि से विस्तृत होने के बावजूद अंतागढ़ क्षेत्र आज भी कई प्रशासनिक सुविधाओं से वंचित है। जिला बनने से लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व तथा अन्य शासकीय कार्यों के लिए दूर-दराज के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ होने से क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।

अभियान का नेतृत्व कर रहे युवाओं ने बताया कि हस्ताक्षर अभियान आंदोलन का पहला चरण है। आगामी दिनों में चरणबद्ध तरीके से जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद एकत्रित हस्ताक्षरों के साथ जनप्रतिनिधियों एवं शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाने की भी रणनीति बनाई जाएगी।अभियान में शामिल युवाओं का कहना है कि लोगों का लगातार मिल रहा समर्थन इस बात का संकेत है कि अंतागढ़ को जिला बनाने की मांग अब व्यापक जनसमर्थन प्राप्त कर रही है। उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अभियान में अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।