खेत में मिला जहरीला रसेल वाइपर, सर्प मित्र कृष्ण नाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
अंतागढ़। नगर के मद्रासी पारा क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब फागुराम समरथ के खेत में एक जहरीला रसेल वाइपर (Russell’s Viper) सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही खेत में मौजूद लोगों ने सतर्कता बरतते हुए इसकी सूचना सर्प मित्र कृष्ण नाग को दी। सूचना मिलते ही सर्प मित्र कृष्ण नाग मौके पर पहुंचे और काफी सावधानी के साथ सांप का रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद सांप को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना सुरक्षित स्थान पर ले जाकर सकुशल जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। सर्प मित्र कृष्ण नाग ने बताया कि रसेल वाइपर बेहद जहरीला सांप है, इसलिए इसके दिखाई देने पर लोग खुद पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए तत्काल प्रशिक्षित सर्प मित्र या संबंधित वन विभाग को सूचना देनी चाहिए।

जनहित में अपील
बारिश के मौसम में खेतों, घरों एवं आसपास के इलाकों में सांपों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में लोग विशेष सावधानी बरतें। सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे छेड़ने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें। सांप प्रकृति के महत्वपूर्ण जीव हैं, इसलिए उन्हें मारने के बजाय सुरक्षित रेस्क्यू कर प्राकृतिक वातावरण में छोड़ना ही बेहतर है।

