अंतागढ़कांकेररायपुर

अंतागढ़ नगर पंचायत में नव-नियुक्त एल्डरमैनों ने ली शपथ, 1.49 करोड़ के विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

विधायक विक्रम देव उसेंडी के मुख्य आतिथ्य में गरिमामय समारोह, एसडीएम राहुल रजक ने दिलाई शपथ, विभिन्न वार्डों में नाली निर्माण सहित कई विकास कार्यों का शुभारंभ

अंतागढ़, 31 जुलाई। नगर पंचायत अंतागढ़ परिसर में शुक्रवार को नव-नियुक्त एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह एवं अधोसंरचना मद से स्वीकृत लगभग 1 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में नाली निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों के भूमिपूजन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक विक्रम देव उसेंडी रहे। समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष राधेलाल नाग, भारतीय जनता पार्टी मंडल अंतागढ़ के अध्यक्ष महेश उडके, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।

इसके पश्चात अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राहुल रजक ने नगर पंचायत के नव-नियुक्त एल्डरमैन प्रेमलाल पटेल, गौतम शर्मा एवं कुमारी साहू को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने तीनों एल्डरमैनों का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। शपथ ग्रहण के उपरांत विधायक विक्रम देव उसेंडी ने नगर पंचायत अंतागढ़ के विभिन्न वार्डों में अधोसंरचना मद से स्वीकृत लगभग 1 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन कार्यों के पूर्ण होने से नगर में जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी तथा नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ मिलेगा। अपने संबोधन में विधायक विक्रम देव उसेंडी ने कहा कि प्रदेश सरकार नगरों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। अंतागढ़ नगर पंचायत में लगातार विकास कार्यों की स्वीकृति दी जा रही है, जिससे नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए नाली निर्माण सहित अन्य आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। उन्होंने नव-नियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे नगर के विकास एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में भाजपा के समस्त जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडल कार्यसमिति सदस्य, शक्ति केंद्र संयोजक, सह-संयोजक, बूथ अध्यक्ष, बूथ समिति के सदस्य, वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने नव-नियुक्त एल्डरमैनों का स्वागत करते हुए नगर के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर पंचायत में एल्डरमैनों की नियुक्ति से विकास कार्यों की गति और तेज होगी तथा जनता की समस्याओं के समाधान में और अधिक प्रभावशीलता आएगी। वहीं भूमिपूजन किए गए विकास कार्यों से नगर के अनेक वार्डों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।

कार्यक्रम के अंत में नगर पंचायत की मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री हंसा ठाकुर ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नगर के विकास कार्यों में सभी के सहयोग की अपेक्षा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। गरिमामय वातावरण में संपन्न इस समारोह ने नगर पंचायत अंतागढ़ के विकास और जनभागीदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में नई ऊर्जा का संचार किया।