विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव संपन्न, शिक्षा से जोड़ने का लिया संकल्प
नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विधायक ने तिलक लगाकर किया स्वागत, शासकीय योजनाओं की दी जानकारी
अंतागढ़। आज विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव 2026-27 का आयोजन एकलव्य आदर्श विद्यालय, बिरसामुंडा (लामकन्हार) के सभागार में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक विक्रम उसेंडी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष मनोरमा मंडावी उपाध्यक्ष कुबल भूसाखरे नगर पंचायत अध्यक्ष राधेलाल नाग उपाध्यक्ष अमल नरवास जिला जिला पंचायत सदस्य गुप्तेश उसेंडी लामकन्हार सरपंच मंजू लता गावडे़ महामंत्री जीतेन्द्र मरकाम महेश उयके मण्डल अध्यक्ष महेंद्र ठाकुर वरिष्ठ नेता, नगर पंचायत के सभी पार्षदगण, जनपद पंचायत के सभी सदस्य ने की। इस अवसर पर भजपा के वरिष्ठ कनिष्ठ कार्यकर्ता, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, प्राचार्यों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि विक्रम देव उसेंडी ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और उनकी शिक्षा में सहयोग करने की अपील की।उन्होंने बताया कि शासन द्वारा विद्यार्थियों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ सभी पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा से वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी संजय ठाकुर के द्वारा स्वागत उद्बोधन व प्रतिवेदन प्रस्तुत कर विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि कक्षा पहली से दसवीं तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें तथा कक्षा पहली से आठवीं तक निःशुल्क गणवेश प्रदान किया जाता है। प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा सरस्वती साइकिल योजना, राज्य छात्रवृत्ति योजना, महतारी दुलार योजना तथा विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र निर्माण जैसी योजनाओं से भी छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने विकासखंड की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि एनएमएमएसई (NMMSE) परीक्षा में विकासखंड की 38 छात्राओं का छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ है। वहीं जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में 6 विद्यार्थियों तथा एकलव्य आदर्श विद्यालय चयन परीक्षा में 30 विद्यार्थियों का चयन हुआ, जो क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। वर्ष 2025-26 के बोर्ड परीक्षा परिणाम भी उल्लेखनीय रहे। विकासखंड के हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम लगभग 97 प्रतिशत तथा 12वीं का परिणाम लगभग 98 प्रतिशत दर्ज किया गया, जिसे शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम बताया। कार्यक्रम में तीन दिव्यांग छात्रों को दिव्यांग प्रमाण पत्र तथा तीन कम दृष्टि बाधित बच्चों को चश्मा वितरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मोनू कौशल एव रोहित बघेल द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया तथा अंत में सहायक खंड शिक्षा अधिकारी नगेन्द्र गुप्ता के द्वारा सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। विकासखंड स्तरीय प्रवेश उत्सव ने शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को विद्यार्थियों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम के अंतिम चरण में अतिथियों द्वारा पौधा रोपण किया गया एवं समस्त बच्चों के साथ न्योता भोजन किया गया।
