अंतागढ़कांकेरकोयलीबेड़ारायपुरशिक्षा

अनुविभागीय अधिकारी राहुल रजक ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र, गणित व अंग्रेजी के मूलभूत विषयों पर कराया विशेष मार्गदर्शन

माटोली/पखांजूर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माटोली, विकासखंड कोयलीबेड़ा (जिला उत्तर बस्तर कांकेर) में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राहुल रजक ने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर शिक्षा के महत्व पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिया तथा बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान श्री रजक ने विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त करने के लिए मजबूत आधारभूत ज्ञान (बेसिक नॉलेज) की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने गणित एवं अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों में विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान करते हुए सरल एवं प्रभावी तरीके से अध्ययन करने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि “शिक्षा ही सफलता की कुंजी है” और निरंतर अभ्यास, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के बल पर कोई भी विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। गणित विषय में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण सूत्रों की पुनरावृत्ति, कठिन प्रश्नों के सरल समाधान, शॉर्ट ट्रिक्स, बोर्ड परीक्षा के प्रश्न-पत्र पैटर्न की जानकारी तथा नियमित अभ्यास के माध्यम से आत्मविश्वास बढ़ाने के उपाय बताए गए। वहीं अंग्रेजी विषय में ग्रामर, शब्दावली (Vocabulary), लेखन कौशल (Writing Skills), रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन, लेटर, निबंध एवं एप्लीकेशन लेखन का अभ्यास कराया गया। साथ ही बोर्ड परीक्षा में अधिक अंक प्राप्त करने के लिए उपयोगी टिप्स भी दिए गए। मार्गदर्शन सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका श्री राहुल रजक ने सरल भाषा में उत्तर देकर उनका मार्गदर्शन किया। विद्यार्थियों ने इस विशेष कक्षा को बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। विद्यालय परिवार ने इस पहल के लिए अनुविभागीय अधिकारी राहुल रजक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ा है तथा वे आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा एवं करियर निर्माण में सहायता मिल सके।