अंतागढ़कांकेर

नए थाना प्रभारी कोमल भूषण पटेल से पत्रकार संघ की सौजन्य भेंट, क्षेत्र की समस्याओं पर हुई सार्थक चर्चा

अंतागढ़। अंतागढ़ के नवनियुक्त थाना प्रभारी कोमल भूषण पटेल से पत्रकार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर क्षेत्र की कानून व्यवस्था, नगर में बढ़ती यातायात संबंधी समस्याओं तथा आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

पत्रकार संघ के सदस्यों ने थाना प्रभारी को नगर में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाने, मुख्य चौक-चौराहों पर अव्यवस्थित पार्किंग, बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम तथा सड़क सुरक्षा को लेकर आम नागरिकों की परेशानियों से अवगत कराया। इसके साथ ही नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर भी अपने सुझाव रखे। थाना प्रभारी कोमल भूषण पटेल ने पत्रकार संघ के सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि नगर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा आम नागरिकों की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने नागरिकों से भी पुलिस का सहयोग करने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।बैठक के दौरान पत्रकारों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखने पर भी सहमति बनी, ताकि क्षेत्र की समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके। पत्रकार संघ ने नए थाना प्रभारी को उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में अंतागढ़ में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आमजन को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण मिलेगा।