अंतागढ़कांकेर

अंतागढ़ आईटीआई में प्रवेश का सुनहरा अवसर

चौथे एवं पांचवें चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू, 24 जुलाई तक करें आवेदन; अवकाश के दिनों में भी खुलेगा संस्थान

अंतागढ़। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) अंतागढ़ में सत्र 2026-27 एवं 2026-28 के लिए चौथे एवं पांचवें चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 17 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीयन कर प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। प्रवेश पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जाएगा। संस्थान में कोपा (एक वर्षीय), मैकेनिक डीजल (एक वर्षीय), स्टेनो हिंदी (एक वर्षीय), इलेक्ट्रिशियन (द्विवर्षीय) एवं फिटर (द्विवर्षीय) ट्रेडों में प्रवेश दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन के समय अभ्यर्थियों को अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने होंगे। सीटों का आवंटन अभ्यर्थियों की मेरिट, श्रेणी एवं ट्रेड विकल्प के आधार पर किया जाएगा। चौथे चरण की प्रवेश प्रक्रिया 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तथा पांचवें चरण की प्रवेश प्रक्रिया 6 अगस्त से 8 अगस्त 2026 तक आयोजित होगी। संस्थान प्रबंधन ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की है। शनिवार 01 अगस्त 2026 एवं रविवार 02 अगस्त 2026 को अवकाश होने के बावजूद प्रवेश कार्य के लिए शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अंतागढ़ खुला रहेगा, ताकि किसी भी पात्र अभ्यर्थी को प्रवेश लेने में असुविधा न हो।

संस्थान द्वारा अभ्यर्थियों से समय-समय पर आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध काउंसलिंग कार्यक्रम, सूचना पुस्तिका एवं यूजर मैनुअल का अवलोकन करते रहने की अपील की गई है, जिससे प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम जानकारी समय पर प्राप्त हो सके।