अंतागढ़कांकेररायपुर

अंतागढ़ : पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय में महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता अभियान, 300 से अधिक छात्राएं हुईं जागरूक

अंतागढ़। छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, अंतागढ़ में महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्राओं ने भाग लेकर महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा कानूनी अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष कुमार बंछोर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी श्री शुभम तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रतिभा लहरें के पर्यवेक्षण में महिला रक्षा टीम द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला रक्षा टीम ने छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल अपराध, महिला सुरक्षा, अभिव्यक्ति ऐप तथा विभिन्न सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। वहीं साइबर टीम ने डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, फर्जी लिंक, फेक प्रोफाइल, ऑनलाइन गेमिंग एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को सतर्क रहने की सीख दी। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति से सोशल मीडिया पर मित्रता न करें तथा ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम कार्ड, यूपीआई पिन एवं अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साथ ही लॉटरी, नौकरी और अन्य ऑनलाइन प्रलोभनों के माध्यम से होने वाली ठगी से बचने के उपाय भी बताए गए। कार्यक्रम में थाना अंतागढ़ से उप निरीक्षक हेमलता परिहार, पीएसआई लता सिंह, महिला रक्षा टीम के सदस्य, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं 300 से अधिक छात्राएं उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराध, साइबर ठगी, मानव तस्करी, बाल श्रम अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना, डायल 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा महिला रक्षा टीम हेल्पलाइन 9479155925 पर दें। पुलिस ने कहा कि समय पर दी गई एक सूचना किसी की सुरक्षा और जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।