अंतागढ़कांकेररायपुर

स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल, बार-बार बिजली बंद से उपभोक्ताओं में नाराजगी

बढ़े हुए बिजली बिलों की रोज हो रही शिकायतें, अनियमित विद्युत आपूर्ति से जनजीवन और कारोबार प्रभावित

अंतागढ़। नगर में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। प्रतिदिन कई उपभोक्ता बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज करा रहे हैं। उपभोक्ताओं का दावा है कि पहले जहां उनका मासिक बिजली बिल 500 से 1500 रुपये के बीच आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद वही बिल 2 हजार से 6 हजार रुपये तक पहुंच रहा है। शिकायत करने के बावजूद अधिकांश उपभोक्ताओं को अब तक राहत नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ती जा रही है।

नगरवासियों का कहना है कि बिजली की खपत में कोई विशेष वृद्धि नहीं होने के बावजूद बिल कई गुना बढ़कर आ रहे हैं। ऐसे में उपभोक्ता स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और बिलिंग प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

बार-बार बिजली गुल होने से आमजन और व्यवसाय प्रभावित

बढ़े हुए बिजली बिलों के साथ-साथ नगर में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित रहने की समस्या भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। आम उपभोक्ताओं के अलावा बिजली पर निर्भर व्यवसायों और शासकीय कार्यों पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है। हालर मिल, इलेक्ट्रॉनिक एवं इलेक्ट्रिकल्स की दुकानें, फोटो कॉपी सेंटर, बैंकिंग से जुड़े ग्राहक सेवा केंद्र सहित अन्य प्रतिष्ठानों का काम बार-बार बिजली जाने से प्रभावित हो रहा है। कई सरकारी कार्यालयों में भी ऑनलाइन कार्य बाधित होने से लोगों को आवश्यक सेवाओं के लिए इंतजार करना पड़ता है।

मेंटेनेंस के बाद भी नहीं सुधर रही व्यवस्था

स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत विभाग प्रत्येक वर्ष चार से पांच बार मेंटेनेंस के नाम पर कई-कई घंटे, कभी-कभी पूरे दिन तक बिजली आपूर्ति बंद रखता है। इसके बावजूद बिजली व्यवस्था में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं देता। उपभोक्ताओं का आरोप है कि हल्की हवा चलने या मामूली बारिश होने पर भी बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे लोगों को बार-बार असुविधा का सामना करना पड़ता है।

उपभोक्ताओं में बढ़ रहा आक्रोश

लगातार बढ़े हुए बिजली बिल, अनियमित विद्युत आपूर्ति और शिकायतों के समाधान में हो रही देरी से उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का समाधान नहीं किया गया और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। नगरवासियों ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने, गलत बिलों का निराकरण करने तथा नगर में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।