कुत्ते के काटने के बाद इलाज अधूरा छोड़ने वाले युवक की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी
अंतागढ़/कलगांव। ग्राम कलगांव (मरारपारा) निवासी मनेश पटेल (लगभग 45 वर्ष), पिता रामप्रसाद की शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव अंतागढ़ के अटल चौक स्थित विष्णु वैद्य कॉम्प्लेक्स के बरामदे में अकड़ी हुई अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों एवं स्थानीय लोगों के अनुसार, मनेश पटेल को कुछ दिन पहले कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद वे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अंतागढ़ पहुंचे थे, लेकिन बिना उपचार पूरा कराए ही वापस घर लौट गए।

उपलब्ध ओपीडी पर्ची (08 जुलाई 2026) के अनुसार चिकित्सक ने मरीज को “Dog Bite – Category IV” अंकित करते हुए टीटी (TT) इंजेक्शन तथा एंटी रेबीज वैक्सीन (ARV) लगाने और निर्धारित तिथियों 08/07, 11/07, 15/07 एवं 05/08 को वैक्सीन की खुराक लेने की सलाह दी थी।

हालांकि उपलब्ध जानकारी के अनुसार मरीज ने उपचार पूरा नहीं कराया।बताया जा रहा है कि मृतक शराब पीने का आदी भी था। परिजनों के अनुसार वह रात करीब 2 बजे घर से निकला था, जिसके बाद सुबह उसका शव कांप्लेक्स के बरामदे में मिला। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह अभी पुष्टि नहीं हुई है कि मौत का कारण रेबीज, किसी अन्य बीमारी, नशे या अन्य परिस्थितियों से जुड़ा है। वहीं बता दें की कुछ दिनों पूर्व इसी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से तीन युवको की मौत हुई थी उसमें से एक युवक मनराज पटेल उपसरपंच का यह बड़ा भाई है । इस घटना के बाद परिवार में पुनः मातम पसर गया है ।

