जियो मोबाइल टॉवर बैटरी चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, जियो कर्मचारी समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
अंतागढ़ 15 जुलाई। कांकेर पुलिस ने मोबाइल टॉवरों से बैटरियां चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 49 जियो मोबाइल टॉवर बैटरियां, 311 बैटरी बॉक्स, भारी मात्रा में मेटल पुर्जे, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा 41 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि गिरोह को जियो कंपनी के एक कर्मचारी का भी सहयोग प्राप्त था।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर एवं एसडीओपी अंतागढ़ शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा, बांदे, छोटेबेठिया और रावघाट थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों की गहन जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों की सूचना और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने गिरोह तक पहुंचने में सफलता हासिल की।जांच के दौरान थाना आमाबेड़ा क्षेत्र के ग्राम किसकोड़ो स्थित जियो मोबाइल टॉवर से बैटरी चोरी के मामले में आरोपी माखन तुमरेटी और देवराज बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा, बांदे, छोटेबेठिया, रावघाट तथा नारायणपुर जिले के सोनपुर क्षेत्र में स्थित जियो मोबाइल टावरों को निशाना बनाया था। चोरी की गई बैटरियों को दल्लीराजहरा के कबाड़ी कारोबारियों को बेच दिया जाता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच लगातार वारदातों को अंजाम देता रहा। बैटरियों को खोलकर उनके अंदर का मेटल अलग किया जाता था और बैटरी बॉक्स सहित अन्य सामग्री कबाड़ बाजार में बेचकर आर्थिक लाभ कमाया जाता था। आरोपियों की निशानदेही पर दल्लीराजहरा क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने 49 बैटरियां, 311 खाली बैटरी बॉक्स, 29 बोरियों में भरा बैटरियों का मेटल, एक लोहे का हथौड़ा, दो पेचकस, एक रेती तथा 41 हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार यह नकद राशि चोरी की बैटरियों की बिक्री से प्राप्त हुई थी। इससे पहले भी इसी गिरोह से रावघाट पुलिस 72 चोरी की बैटरियां बरामद कर चुकी है।

पुलिस ने मामले में राजेश नेताम, माखन तुमरेटी, देवराज बघेल, राजेश यादव, एली मसीह एवं अंकित कुमार जैन को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद साहू, उपनिरीक्षक गिरीशचंद कुर्रे, प्रधान आरक्षक महेश नेताम, राजकुमार दर्रो तथा आरक्षक मनिहार भुरकुरिया, विकास बघेल, घनश्याम नाग, शिव प्रसाद ध्रुव एवं लोकेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल टॉवर, विद्युत उपकरणों अथवा अन्य सार्वजनिक संपत्तियों से संबंधित चोरी या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल निकटतम थाना अथवा अपराध हेल्पलाइन 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

