बालक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंतागढ़ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम संपन्न
अंतागढ़। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), नगर इकाई अंतागढ़ द्वारा बालक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंतागढ़ में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

कार्यक्रम के दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति का योगदान आवश्यक है तथा आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य का आधार बन सकता है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि परिषद समय-समय पर छात्र हित, राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। इसी कड़ी में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से यह पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।इस अवसर पर नगर मंत्री हिमांशु मरकाम, नगर सहमंत्री प्रिंस रजक, महाविद्यालय प्रमुख उज्ज्वल साहू तथा सोशल मीडिया सह प्रभारी त्रिवेन्द्र बघेल सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

