अंतागढ़कांकेररायपुरशिक्षा

संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कोदागाँव-1 एवं कोदागाँव-2 में उत्साहपूर्वक संपन्न

नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत, साइकिल, गणवेश व पाठ्यपुस्तकों का किया गया वितरण

अंतागढ़, 8 जुलाई। शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन संकुल कोदागाँव-1 एवं कोदागाँव-2 में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, संकुल समन्वयकों, शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों, पालकों, शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश एवं अध्ययन सामग्री वितरित की गई। वहीं सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत पात्र छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया।

अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि “शिक्षा ही समृद्ध और आत्मनिर्भर समाज की आधारशिला है। प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में प्रवेश और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई एवं विद्यालय उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने वाले प्रेरक नारों ने सभी को प्रेरित किया। “आओ मिलकर अलख जगाएँ, हर बच्चे को स्कूल पहुँचाएँ”, “शिक्षा है जीवन का आधार, हर बच्चा बने होनहार”, “बेटी हो या बेटा प्यारा, शिक्षा है सबका अधिकार” तथा “पढ़ेगा भारत, तभी तो बढ़ेगा भारत” जैसे नारों से पूरे आयोजन का वातावरण शिक्षा के प्रति उत्साह से भर गया।

समापन अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने शत-प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष मनोरमा मंडावी, जनपद उपाध्यक्ष कुबल सिंह भुसखारे, जिला पंचायत सदस्य गुप्तेस उसेंडी, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष वीरसिंह जैन, मंडल अध्यक्ष महेश उइके, सरपंच सतबत्ती आचला, सरपंच सरिता नेगी, उपसरपंच हेमन्त अमरिया, एल्डरमेन कुमारी साहू, मंडल महामंत्री कल्पना जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्राचार्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी, संकुल समन्वयक, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पालकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।