रावघाट खदान प्रभावित क्षेत्र में कलगाँव को शामिल करने की मांग
अंतागढ़। ग्राम पंचायत कलगाँव की सरपंच प्रमिला नाग ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत कलगाँव को रावघाट खदान प्रभावित क्षेत्र में शामिल करने तथा ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि वर्ष 2016-17 में भिलाई स्टील प्लांट की टाउनशिप के लिए ग्राम की लगभग 55 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया था। उस समय ग्रामीणों से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास कार्यों का लाभ दिलाने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक उन्हें इन सुविधाओं का लाभ नहीं मिल सका।

सरपंच ने मांग की है कि कलगाँव को तत्काल रावघाट खदान प्रभावित क्षेत्र घोषित कर डीएमएफ सहित अन्य विकास योजनाओं का लाभ दिया जाए तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीण लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

