अंतागढ़कांकेरराजधानीरायपुर

अंतागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाला मुख्य आरोपी व सहयोगी चंद घंटों में गिरफ्तार

• स्कूल के पास से बोलेरो में किया था अपहरण

• पुलिस ने पीड़िता को सकुशल छुड़ाया, आरोपी भेजे गए न्यायिक रिमांड पर

अंतागढ़ (कांकेर)।
उत्तर बस्तर कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र में एक नाबालिग स्कूली छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। अंतागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज कुछ ही घंटों के भीतर अपहृत पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और वारदात में उसका साथ देने वाले सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।

स्कूल के पास से किया था अगवा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता जब अपने स्कूल आई थी, तभी आरोपी विनय नूरेटी (21 वर्ष), पिता चैनू राम नूरेटी, निवासी- ग्राम घुमासीमुंडा, अंतागढ़।अपने साथी मंजीत उसेंडी (29 वर्ष), पिता श्याम लाल उसेंडी, निवासी- लाटापारा, अंतागढ़ के साथ बोलेरो वाहन (क्र. CG 19 BR 9838) से वहां पहुंचा और पीड़िता को अपने साथ ले गया। पीड़िता की मां की शिकायत पर अंतागढ़ थाने में तत्काल मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच में यह बात भी सामने आई कि मुख्य आरोपी विनय नुरेटी पिछले कई महीनों से पीड़िता को अपने प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बना रहा था। इसी क्रम में उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

एसपी के निर्देश पर बनी टीम, तकनीकी विश्लेषण से पकड़े गए आरोपी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) उत्तर बस्तर कांकेर, निखिल अशोक कुमार राखेचा (IPS) के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंतागढ़ थाना प्रभारी के नेतृत्व में तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी एनालिसिस (साइबर सेल) की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया और दबिश देकर पीड़िता को बरामद करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पॉक्सो और बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई

पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने थाना अंतागढ़ में अपराध क्रमांक 45/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 49, 64(2)(M), 65(1), 3(5) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6, 17, 18 के तहत मामला दर्ज किया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

सराहनीय भूमिका: इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक प्रहलाद यादव, उप निरीक्षक आलोक सुबोध, हेमलता परिहार, पीएसआई लता सिंह, नकुल पैकरा, सउनि कन्हैया मरकाम, आरक्षक रोशन नेताम और महिला आरक्षक चांदनी उसेंडी की मुख्य भूमिका रही।

कांकेर पुलिस की अपील: हेल्पलाइन नंबर पर दें अपराधियों की सूचना

कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अपराध नियंत्रण पुलिस और समाज की साझा जिम्मेदारी है। यदि आपके आसपास कोई भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि दिखे, तो जिला पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।