अंतागढ़ पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों का किया सम्मान, विद्यार्थियों को दी साइबर सुरक्षा और नए कानूनों की जानकारी
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
अंतागढ़ (उत्तर बस्तर कांकेर)।
उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जिलेभर में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार बंछोर, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी शुभम तिवारी तथा थाना प्रभारी अंतागढ़ प्रहलाद यादव के मार्गदर्शन में 6 और 7 जुलाई को अंतागढ़ क्षेत्र में जनसहभागिता आधारित कई जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुए।
वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान और नए कानूनों पर चर्चा

थाना अंतागढ़ परिसर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में क्षेत्र के पेंशनरों, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थितजनों को देश के नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की प्रमुख विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
साइबर ठगी से बचने के दिए टिप्स, किया वृक्षारोपण

कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ वर्ग को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयरिंग, डिजिटल पेमेंट फ्रॉड और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराधों से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए गए। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण भी किया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष राधेलाल नाग, पेंशनर समाज अंतागढ़ के अध्यक्ष रामरतन शांडिल्य सहित 100 से अधिक नागरिक उपस्थित रहे।

एकलव्य आवासीय विद्यालय में निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता
7 जुलाई को अंतागढ़ के एकलव्य आवासीय विद्यालय, लामकंहार में विद्यार्थियों के लिए “लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश” विषय पर निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, यातायात नियमों, गुड टच-बैड टच, नशे के दुष्प्रभाव, मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) और बच्चों से संबंधित नवीन कानूनों के साथ-साथ चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी दी गई।

कांकेर पुलिस की अपील:
पुलिस ने आमजन, विद्यार्थियों और शिक्षकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी, साइबर अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल कांकेर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479155125 पर दें। पुलिस सदैव नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

